गाजीपुर। जिला सेवायोजन कार्यालय, गाजीपुर के तत्वावधान में मोतीलाल पी.जी. कॉलेज, सैदपुर के परिसर में एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया गया। इस मेले में युवाओं के लिए निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर सुलभ कराने के उद्देश्य से विभिन्न कंपनियों ने भाग लिया।
मेले में प्रतिभागी कंपनी विजन इंडिया प्रा. लि. द्वारा Suzuki Motors, गुजरात के लिए ट्रेनी पद पर भर्ती की प्रक्रिया संचालित की गई। मेले में कुल लगभग 500 अभ्यर्थियों ने भाग लिया, जिनमें से 252 अभ्यर्थियों का चयन अंतिम राउंड के लिए किया गया। जिला सेवायोजन अधिकारी ने बताया कि इस प्रकार के रोजगार मेलों का उद्देश्य युवाओं को एक ही स्थान पर विभिन्न कंपनियों से जुड़ने का अवसर देना है, जिससे उन्हें रोजगार प्राप्त करने में सहूलियत हो सके। चयनित अभ्यर्थियों को अंतिम प्रक्रिया पूर्ण होने के पश्चात नियुक्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे। रोजगार मेले के सफल आयोजन को लेकर प्रतिभागी अभ्यर्थियों में उत्साह देखा गया और उन्होंने सेवायोजन कार्यालय की इस पहल की सराहना की।



