
जमानिया। तहसील क्षेत्र स्थित एस.एस. देव पब्लिक स्कूल, हेतिमपुर में बुधवार को होली पर्व के शुभ अवसर पर होली मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। विद्यालय के प्रबंधक सुभाष चंद्र कुशवाहा द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में शिक्षकों और विद्यार्थियों ने उल्लासपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रधानाचार्या सुनीता कुशवाहा द्वारा होली के पौराणिक महत्व एवं इतिहास की जानकारी देकर की गई। उन्होंने बताया कि यह पर्व बुराई पर अच्छाई की विजय और आपसी भाईचारे का प्रतीक है। इस अवसर पर विद्यालय प्रांगण में सहसंयोजिका शगुफ्ता रहमान, सहसंयोजक डॉ. देवेंद्र वर्मा, शशि बाला देवी, कृष्णानंद साहनी, धर्मेंद्र यादव सहित समस्त अध्यापक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। विद्यालय के प्रांगण में विद्यार्थियों ने एक-दूसरे को रंग लगाकर सद्भाव और एकता का संदेश दिया। चारों ओर रंगों की छटा बिखर गई और खुशी का माहौल बना रहा। विद्यालय के प्रबंधक सुभाष चंद्र कुशवाहा ने कार्यक्रम के समापन पर सभी विद्यार्थियों, अध्यापकों और कर्मचारियों को होली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि होली प्रेम, सौहार्द और उत्साह का पर्व है, जिसे हमें सामाजिक समरसता के साथ मनाना चाहिए। विद्यालय परिवार ने रंगों के इस उत्सव को हर्षोल्लास के साथ मनाकर होली पर्व का अभिनंदन किया।