
जमानियां। आगामी होली त्योहार को देखते हुए प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्राम सभा मुहम्मदपुर में होलिका दहन स्थल का निरीक्षण शुक्रवार को किया। उपजिलाधिकारी के निर्देश पर नायब तहसीलदार, कानूनगो और क्षेत्रीय लेखपाल ने गांव का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि वर्तमान होलिका दहन स्थल घनी आबादी के बीच स्थित है, जिससे आगजनी जैसी घटनाओं का खतरा बना हुआ है। इसे देखते हुए अधिकारियों ने ग्राम प्रधान और संबंधित अधिकारियों को होलिका दहन का स्थान आबादी से बाहर स्थानांतरित करने का निर्देश दिया है।
इस संदर्भ में क्षेत्रीय लेखपाल रमेश सोनकर ने जानकारी दी कि होलिका दहन के लिए नए स्थान के चयन को लेकर ग्राम वासियों की सहमति जरूरी है। इसीलिए शनिवार की सुबह 9 बजे ग्राम सचिवालय में खुली बैठक बुलाई गई है, जिसमें सभी ग्रामवासियों से उपस्थिति की अपील की गई है। बैठक में सामूहिक निर्णय लेकर होलिका दहन का नया स्थान तय किया जाएगा। प्रशासन ने ग्रामवासियों से अपील की है कि त्योहारों को सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण तरीके से मनाने के लिए सहयोग करें और बैठक में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर अपने सुझाव दें।