
गाजीपुर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जिला गंगा समिति एवं सामाजिक वानिकी वन प्रभाग के संयुक्त तत्वावधान में कृषि विज्ञान केंद्र गाजीपुर में विशेष आयोजन किया गया। इस वर्ष की थीम “एंडिंग प्लास्टिक ग्लोबली” के तहत कार्यक्रम का शुभारंभ राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत ने दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय, वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. वीवकेव सिंह, एमएलसी प्रतिनिधि डॉ. प्रदीप पाठक सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी अतिथियों का स्वागत प्रभागीय निदेशक विवेक यादव ने पुष्प गुच्छ, स्मृति चिन्ह एवं “सिंदूर” पौधा भेंट कर किया। राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत ने अपने संबोधन में कहा कि प्लास्टिक प्रदूषण पृथ्वी के लिए गंभीर खतरा बनता जा रहा है। इससे जलवायु परिवर्तन, प्रकृति व जैवविविधता को नुकसान पहुंचता है। उन्होंने अपील की कि हर व्यक्ति अपनी मां के नाम एक पौधा अवश्य लगाए। नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल ने पर्यावरण के पांच तत्वों — पृथ्वी, जल, अग्नि, वायु और आकाश — के संतुलन पर बल देते हुए पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने गंगा दशहरा के आध्यात्मिक महत्व और पर्यावरणीय पहलुओं को रेखांकित किया।
इस अवसर पर विभिन्न विकास खंडों में आयोजित निबंध, चित्रकला एवं वाद-विवाद प्रतियोगिताओं के विजेताओं को स्मृति चिन्ह, प्रमाण पत्र एवं सिंदूर का पौधा प्रदान किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों ने “एक पेड़ मां के नाम 2.0” अभियान के तहत आम और महोगनी के पौधे रोपित किए। कार्यक्रम का संचालन जिला परियोजना अधिकारी नमामि गंगे बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने किया। इस दौरान डॉ. जीव सिंह, क्षेत्रीय वन अधिकारी नम्रता सिंह, उप क्षेत्रीय वन अधिकारी समेत वन विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।



