
जमानिया। बरुईन स्थित एसआरएनएसएस पब्लिक स्कूल में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पावन पर्व श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया, जिससे पूरा माहौल कृष्णमय नजर आया।
समारोह में नर्सरी, एलकेजी और यूकेजी के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने पूरे उत्साह से भाग लिया। राधा-कृष्ण की मनमोहक वेशभूषा में सजे छात्र-छात्राओं ने भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं पर आधारित मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। इस दौरान आयोजित पारंपरिक मटकी फोड़ प्रतियोगिता आकर्षण का मुख्य केंद्र रही, जिसने पूरे कार्यक्रम में नई ऊर्जा और उमंग भर दी। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में यूबीआई के शाखा प्रबंधक प्रमोद कुमार चौबे और जमानियां स्टेशन निवासी विजय श्याम पांडेय उपस्थित रहे। अतिथियों ने नन्हे बच्चों की प्रतिभा की प्रशंसा करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय के निदेशक रणविजय सिंह ने छात्र-छात्राओं के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी ऐसे सांस्कृतिक आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। प्रधानाचार्य ए.के. शर्मा ने विद्यार्थियों को भगवान श्रीकृष्ण के जीवन दर्शन व गीता के उपदेशों से प्रेरणा लेने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों को अपनी समृद्ध संस्कृति व परंपराओं से जोड़ने के साथ-साथ उनके भीतर नैतिक मूल्यों और आत्मविश्वास का संचार करते हैं। कार्यक्रम के सफल संयोजन में जय प्रकाश चौरसिया, शिवानी और स्वस्तिका सहित विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं का सराहनीय योगदान रहा। अंत में पूरे हर्षोल्लास और भक्तिमय माहौल के बीच समारोह का समापन हुआ।




