
गाजीपुर। यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, क्षेत्रीय कार्यालय गाजीपुर द्वारा अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस 2025 के उपलक्ष्य में बैंक में कार्यरत महिला कर्मचारियों के सम्मान में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं के योगदान को मान्यता देना और उनके उत्कृष्ट कार्यों को प्रोत्साहित करना था।
कार्यक्रम में गाजीपुर की जिलाधिकारी आर्यका अखौरी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं, जबकि केंद्रीय विद्यालय गाजीपुर की प्राचार्य बिनीता सिंह मुख्य अतिथि रहीं। इनके अतिरिक्त बैंक के क्षेत्र प्रमुख संजय कुमार सिन्हा, उप क्षेत्र प्रमुख आशीष कुमार एवं राजदेव कुमार सहित बैंक के वरिष्ठ अधिकारी और महिला कर्मचारी भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इस अवसर पर जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने महिला सशक्तिकरण और कार्यस्थल पर महिलाओं की बढ़ती भागीदारी पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बैंकिंग क्षेत्र में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना की और उनके सतत विकास के लिए हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम के दौरान बैंक में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली पांच महिला अधिकारियों को सम्मानित किया गया। जिलाधिकारी ने इन अधिकारियों को सम्मान पत्र और स्मृति चिह्न भेंट कर उनकी कड़ी मेहनत और समर्पण की सराहना की। बैंक के क्षेत्र प्रमुख संजय कुमार सिन्हा ने सभी महिला अधिकारियों को बधाई देते हुए उनकी महत्त्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए बैंक द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं और सुविधाओं की भी जानकारी दी। यह कार्यक्रम यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की महिला सशक्तिकरण के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है और यह संदेश देता है कि समाज और संस्थानों में महिलाओं की भागीदारी को बढ़ावा देना आवश्यक है।