
जमानियां । नगर स्थित डिवाइन ग्लोबल स्कूल के प्रांगण में शनिवार और रविवार को वार्षिक परीक्षा फल वितरण एवं मेधावी छात्र सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। शैक्षणिक सत्र 2025-2026 के परिणाम घोषित होते ही उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावकों और शिक्षकों की मौजूदगी ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
विद्यालय प्रबंधन ने ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को निखारने के लिए एक बड़ी घोषणा की। स्कूल के प्रबंधक श्री प्रकाश यादव, प्रधानाध्यापिका प्रियंका सरस्वती और एकेडमिक हेड रितु यादव ने जानकारी दी कि कक्षा 5वीं, 6वीं, 7वीं, 8वीं, 9वीं और 11वीं के उन प्रतिभावान छात्रों को छात्रवृत्ति के लिए नामांकित किया गया है, जिनका परीक्षा परिणाम सर्वश्रेष्ठ रहा है। प्रबंधन की इस विशेष पहल के तहत मेधावी छात्रों के लिए कुल 3 लाख रुपये तक की छात्रवृत्ति का प्रस्ताव रखा गया है। इसी क्रम में विद्यालय प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि पिछले वर्षों की परंपरा को जारी रखते हुए सत्र 2025-2026 की 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में सर्वश्रेष्ठ अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को भी 3 लाख रुपये तक की स्कॉलरशिप के चेक प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। इस सराहनीय कदम का मुख्य उद्देश्य छात्रों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा पैदा करना और उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए मानसिक रूप से सुदृढ़ बनाना है। इस गौरवशाली अवसर पर प्रबंधक श्री प्रकाश यादव और प्रधानाचार्या श्रीमती प्रियंका सरस्वती ने मेधावियों को संबोधित करते हुए कहा कि सफलता का मार्ग केवल कठिन परिश्रम और अटूट लगन से ही प्रशस्त होता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रकार के प्रोत्साहन से छात्र आने वाले समय में जिले और प्रदेश स्तर पर विद्यालय का नाम रोशन करेंगे। कार्यक्रम में एकेडमिक हेड रितु यादव सहित समस्त शिक्षक और अभिभावक उपस्थित रहे। समारोह का समापन विद्यार्थियों के उज्जवल भविष्य की मंगलकामनाओं के साथ हुआ।







