
जमानिया। भारत सरकार द्वारा 21 मई से 12 जून 2025 तक चलाए जा रहे विकसित कृषि संकल्प अभियान के अंतर्गत किसानों से सीधे संवाद के उद्देश्य से स्थानीय विकासखंड के तिगरी‚ देवढी एवं अभईपुर गांवों में किसानों के लिए जागरूकता कार्यक्रम बृहस्पतिवार को आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केंद्र गाजीपुर से आए वैज्ञानिक शशांक सिंह एवं रागिनी दुबे ने किसानों को वैज्ञानिक तरीके से खेती करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने मृदा परीक्षण, कीट नियंत्रण, धान की नर्सरी डालने की विधि, जैविक खेती तथा कृषि में आधुनिक तकनीकों के प्रयोग के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। जमानियां ब्लॉक के कृषि विकास अधिकारी (एडीओ एग्रो) दीपक, एडीओ (प्लांट प्रोटेक्शन) कमलाप्रसाद, और एसएमएस वेदप्रकाश सिंह ने भी किसानों को फसल की गुणवत्ता बढ़ाने, उत्पादन में वृद्धि करने और कम लागत में अधिक लाभ प्राप्त करने के उपाय बताए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय किसान उपस्थित रहे और उन्होंने वैज्ञानिकों से सवाल पूछकर अपने संदेह दूर किए। किसानों ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी जानकारियां खेती को उन्नत बनाने में सहायक होंगी। यह अभियान ग्रामीण क्षेत्र के किसानों को नई तकनीकों से जोड़ने और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक सार्थक प्रयास है।