
गाजीपुर। नंदगंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। इस हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, सभी यात्री बिहार के छपरा जिले के रहने वाले थे और प्रयागराज में महाकुंभ से वापस लौट रहे थे। रास्ते में वाहन का संतुलन बिगड़ने से यह हादसा हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने एक महिला को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों का इलाज जारी है। स्थानीय लोगों ने हाईवे पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण लगाने की मांग की है ताकि इस तरह की दुर्घटनाओं को रोका जा सके। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हादसे के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।