
जमानिया। राष्ट्रीय जूनियर तीरंदाजी प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश तीरंदाजी टीम के इंडियन राउंड वर्ग में टीम को कांस्य पदक प्राप्त हुआ। इस उपलब्धि में गाज़ीपुर जिले की प्रतिभाशाली तीरंदाज अंजली कुमारी का भी अहम योगदान रहा, जिन्होंने अपनी उत्कृष्ट प्रतिभा का प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया।
यह प्रतियोगिता पश्चिम बंगाल के बोलपुर शांतिनिकेतन में 10 से 17 फरवरी के बीच आयोजित है, जहां उत्तर प्रदेश टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक हासिल किया। अंजली कुमारी, जो कि लोदीपुर जमानिया की निवासी हैं और संजय कुमार राम की पुत्री हैं, ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। गाज़ीपुर तीरंदाजी संघ के सचिव नंदू दुबे ने इस उपलब्धि पर सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं, कोच सतीश दुबे ने बताया कि अंजली कुमारी ने राष्ट्रीय स्तर पर लगातार बेहतर प्रदर्शन किया है और भविष्य में भी इसी तरह अपने जिले और प्रदेश का नाम रोशन करती रहेंगी। उन्होंने कहा कि गाज़ीपुर की द्रोणा तीरंदाजी अकादमी इस दिशा में खिलाड़ियों को बेहतरीन मार्गदर्शन प्रदान कर रही है और उनके भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। इस सफलता पर जिलेभर में हर्ष का माहौल है, और अंजली कुमारी को हर ओर से शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद मिल रहे हैं।