
जमानिया। बुधवार की रात डीडीयू-बक्सर पैसेंजर ट्रेन में सफर कर रहे जमानिया के एक व्यापारी से धीनां स्टेशन पर पांच हजार रुपये की छिनैती का मामला सामने आया है। आरोप है कि ट्रेन के स्टेशन पर रुकने के दौरान एक किन्नर और उसके साथ मौजूद युवक ने रुपये मांगने के बाद व्यापारी से मारपीट की और उसकी जेब से पांच हजार रुपये निकालकर फरार हो गए।
पीड़ित व्यापारी पप्पू वर्मा निवासी जमानिया ने बताया कि वह बुधवार को व्यापार के सिलसिले में वाराणसी गए थे। वापसी में वह पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन से ट्रेन संख्या 63240 डीडीयू-बक्सर पैसेंजर से जमानिया लौट रहे थे। रात करीब 10 बजे धीनां स्टेशन पर मेल ट्रेन को पास कराने के लिए पैसेंजर ट्रेन रुकी थी। इसी दौरान एक किन्नर उनके पास पहुंचा और रुपये मांगने लगा। रुपये देने से इनकार करने पर उसने व्यापारी के साथ हाथापाई शुरू कर दी।
आरोप है कि इसी दौरान किन्नर के साथ मौजूद युवक भी मारपीट में शामिल हो गया। दोनों ने व्यापारी को घायल कर दिया और उसकी जेब से पांच हजार रुपये निकाल लिए। ट्रेन के रवाना होने से पहले दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
जमानिया स्टेशन पर आरपीएफ को दी सूचना
घटना के बाद ट्रेन रात करीब 10:14 बजे जमानिया स्टेशन पहुंची। व्यापारी ने वहां ड्यूटी पर मौजूद आरपीएफ कर्मचारियों को घटना की जानकारी दी। आरपीएफ जवानों ने उन्हें जीआरपी में शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी और घटना की जानकारी अधिकारियों को देने की बात कही।



