
जमानिया। होली के पावन पर्व पर विधायक ओमप्रकाश सिंह के निर्देशानुसार उनके प्रतिनिधि मन्नू सिंह ने गुरुवार को क्षेत्र की मलिन बस्तियों में जाकर जरूरतमंद लोगों के बीच वस्त्र व मिष्ठान का वितरण किया। इस दौरान असहाय और दीन-दुखी लोगों के चेहरे पर मुस्कान लाने के उद्देश्य से महिलाओं को साड़ी, पुरुषों को कुर्ता-लुंगी और सभी को मिष्ठान वितरित किया गया।
चक्काबांध स्थित धरकार बस्ती सहित विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। वितरण के दौरान मन्नू सिंह ने कहा कि विधायक ओमप्रकाश सिंह हमेशा समाज के जरूरतमंद वर्ग के लोगों के हित में कार्य करते हैं, ताकि वे भी त्योहारों को प्रेम, सौहार्द और उल्लास के साथ मना सकें। उन्होंने कहा कि होली आपसी प्रेम और भाईचारे का प्रतीक है, और इस पर्व पर सभी के चेहरे खिले रहें, इसके लिए हर संभव प्रयास किया जाता है। दीन-दुखी और असहाय लोगों की सेवा करना सबसे बड़ा धर्म है, जिससे व्यक्ति को सच्चे आनंद और संतोष की प्राप्ति होती है। इस अवसर पर पार्टी के कई कार्यकर्ता व स्थानीय लोग मौजूद रहे, जिन्होंने भी सेवा कार्य में सहयोग प्रदान किया।