
जमानिया। स्थानीय एस.एस. देव पब्लिक स्कूल में रविवार को वार्षिक रिपोर्ट कार्ड वितरण एवं मेधावी छात्र सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान शैक्षणिक सत्र 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छ़ात्रों को पुरस्कृत कर उनके उत्साह को दोगुना किया गया। कार्यक्रम में अभिभावकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों की भारी उपस्थिति रही।
चेक प्रदान कर बढ़ाया छात्रवृत्ति का हौसला
विद्यालय प्रबंधन की ओर से शिक्षा को प्रोत्साहित करने के लिए एक अनूठी पहल की गई। विद्यालय के प्रबंधक श्री सुभाष चंद्र कुशवाहा ने कक्षा 5वीं से लेकर 9वीं और 11वीं के टॉपर्स को उनकी कड़ी मेहनत के लिए स्कॉलरशिप (छात्रवृत्ति) के चेक प्रदान किए। इसके साथ ही, पिछले वर्षों की भांति इस वर्ष भी सत्र 2025-26 की 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में सर्वश्रेष्ठ अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को भी चेक देकर सम्मानित किया गया। विद्यालय के इस कदम की अभिभावकों ने भूरि-भूरि प्रशंसा की।
मेहनत और लगन ही सफलता की कुंजी: प्रबंधक
इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक श्री सुभाष चंद्र कुशवाहा एवं प्रधानाचार्या श्रीमती सुनीता कुशवाहा ने संयुक्त रूप से छात्र-छात्राओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता; केवल निरंतर मेहनत और दृढ़ लगन से ही ऊंचे मुकाम हासिल किए जा सकते हैं। ऐसे सम्मान समारोहों का उद्देश्य छात्रों के भीतर प्रतिस्पर्धा की स्वस्थ भावना जगाना और उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करना है।
गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के शैक्षणिक प्रमुख डॉ. देवेंद्र वर्मा और शैक्षणिक समन्वयक शगुफ्ता रहमान की प्रमुख भूमिका रही। इस दौरान शिक्षक छोटे लाल, शशिबाला देवी, रूपा गुप्ता, गुलशन रहमान, सिद्धार्थ शंकर यादव, शानू, धर्मेंद्र यादव सहित बड़ी संख्या में छात्र एवं उनके परिजन मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन छात्रों के उज्जवल भविष्य की मंगलकामना और अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त करने के साथ हुआ।







