
गाजीपुर। “एक वृक्ष गो माता के नाम” अभियान के तहत जनपद गाजीपुर के जखनियां विकास खंड के बेलहरा स्थित अस्थायी गो आश्रय स्थल पर रविवार को वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। पर्यावरण संरक्षण और गो संवर्धन के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम का नेतृत्व प्रभारी मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. राकेश कुमार गौतम ने किया।
इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष व गो आश्रय स्थल के संचालक रुद्र प्रताप सिंह ने जनपद के समस्त किसानों से गो आश्रय स्थलों पर “एक वृक्ष गो माता के नाम” लगाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि यह पहल न केवल पर्यावरण को समृद्ध बनाएगी, बल्कि गो माता की सेवा का भी प्रतीक बनेगी। कार्यक्रम में गो आश्रय स्थलों के सत्यापन हेतु नामित नोडल अधिकारी डॉ. शत्रुघ्न ऋषि किशोर (अधीक्षक, वाराणसी), ग्राम प्रधान प्रतिनिधि उदय भान, तथा स्थानीय ग्रामवासी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इस अभियान को क्षेत्र में पर्यावरण जागरूकता और गो सेवा के प्रति जन-संवेदनशीलता बढ़ाने की दिशा में एक प्रेरक पहल माना जा रहा है। आयोजकों ने बताया कि आने वाले समय में अन्य गो आश्रय स्थलों पर भी इसी तरह के वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।