
जमानिया। क्षेत्र के हेतिमपुर गांव स्थित एसएस देव पब्लिक स्कूल में शुक्रवार को सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें सीबीएसई ईस्ट जोन ताइक्वांडो प्रतियोगिता में विजई छात्र को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक सुभाष चन्द्र कुशवाहा ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। जिसके बाद सरस्वती वंदना और स्वागत प्रस्तुत किया गया। विद्यालय के प्रबंधक सुभाष चन्द्र कुशवाहा ने कहा कि सीबीएसई ईस्ट जोन ताइक्वांडो प्रतियोगिता वाराणसी के बाबतपुर स्थित सनबीम स्कूल में आयोजित की गई थी। जिसमें सीबीएसई के विभिन्न स्कूलों ने भाग लिया। प्रतियोगिता 10 से 12 सितंबर तक चली। जिसमें विद्यालय के प्रिंस कुमार भारती ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी जगह बना कर क्षेत्र सहित जनपद का नाम रोशन किया। उन्होंने कहा कि प्रिंस ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय को गौरवान्वित किया साथ ही जनपद को गौरव का एहसास दिलाया है। जिसके बाद प्रबंधक ने प्रिंस का मुंह मीठा कराया और सम्मान देकर प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम के आखिर में विद्यालय की प्रधानाचार्या सुनीता कुशवाहा ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर देवेंद्र वर्मा, शगुफ्ता रहमान, शानू सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक एवं छात्र—छात्राए मौजूद रहे।


