
गाजीपुर। सैदपुर थाना पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने शुक्रवार को एक युवती की जान बचा ली, जिसने गंगा नदी में छलांग लगा दी थी। हालांकि, इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में दूसरी युवती की डूबने से मौत हो गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आज दिनांक 02 मई 2025 को दोपहर करीब 12 बजे सैदपुर थाना क्षेत्रान्तर्गत गंगा नदी पर बने सैदपुर-चंदौली गंगा पुल से दो लड़कियों के नदी में कूदने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक सैदपुर, कस्बा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक मनोज पाण्डेय और अन्य पुलिसकर्मी तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने स्थानीय नाविकों की मदद से त्वरित कार्रवाई करते हुए एक लड़की को जीवित अवस्था में नदी से बाहर निकाला। इस युवती की पहचान चंचल पुत्री सुरेश (उम्र 18 वर्ष), निवासी मोलनापुर थाना चहनियां जनपद चंदौली के रूप में हुई। उसे तत्काल इलाज के लिए सीएचसी सैदपुर पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। दुर्भाग्यवश, दूसरी युवती, जिसकी पहचान सोनी पुत्री रमेश यादव (उम्र 18 वर्ष), निवासी मोलनापुर थाना चहनियां जनपद चंदौली के रूप में हुई है, की डूबने से मृत्यु हो चुकी थी। स्थानीय गोताखोरों की मदद से उसके शव को नदी से बाहर निकलवाया गया। पुलिस मृतका के संबंध में नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्यवाही कर रही है। इस पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन में कस्बा चौकी इंचार्ज उपनिरीक्षक मनोज पाण्डेय ने अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने गंभीर अवस्था में मिली युवती चंचल को अपनी गोद में उठाकर तुरंत सैदपुर सीएचसी पहुंचाया। उनके इस सराहनीय कार्य से न केवल युवती की जान बच सकी, बल्कि उन्होंने मानवता की एक उत्कृष्ट मिसाल भी पेश की। सैदपुर पुलिस की इस तत्परता और मानवीय पहल की हर तरफ सराहना हो रही है।