
जमानियां। कश्मीर में हुए जघन्य आतंकी हमले के विरोध में जमानियां नगर में बुधवार को लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। सुबह लगभग 11 बजे नगर के सैकड़ों नागरिक तहसील मुख्यालय के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग पर एकत्रित हुए और आतंकवाद के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। आक्रोशित नागरिकों ने आतंकियों का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार से आतंकवादियों के विरुद्ध कठोर और निर्णायक कार्रवाई करने की पुरजोर मांग की। इस दौरान भाजपा नगर अध्यक्ष तारकेश्वर वर्मा ने कहा कि आतंकियों का यह कायरतापूर्ण कृत्य घोर निंदनीय है और सरकार को इसका करारा जवाब देना चाहिए, ताकि भविष्य में कोई भी ऐसी घिनौनी हरकत करने की हिम्मत न जुटा सके। समाजसेवी नारायण दास चौरसिया ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि देश की एकता और अखंडता को चुनौती देने वाले ऐसे आतंकी तत्वों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि देश की जनता एकजुट है और इस मुश्किल घड़ी में सेना और सरकार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है। व्यापार मंडल के जिला उपाध्यक्ष मुन्ना गुप्ता ने आतंकवाद के खिलाफ देशव्यापी जन जागरण और एक सख्त नीति की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि इस कायराना हमले में जो भी शामिल हैं, उन्हें अविलंब कड़ी सजा मिलनी चाहिए। इस विरोध प्रदर्शन में नगर के अनेक प्रतिष्ठित नागरिक और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए, जिनमें सलीम अहमद, सत्येन्द्र वर्मा, अनुपम वर्मा, राजू पाण्डेय, देव्रत सेठ, शिव कुमार वर्मा, विशाल वर्मा, सतीश वर्मा, जगदीश वर्मा, रोहित कुमार और अजय गोस्वामी प्रमुख थे। जमानियां के नगरवासियों का यह प्रदर्शन आतंकवाद के खिलाफ उनकी अटूट एकता और देशभक्ति की भावना का जीवंत प्रमाण था। उन्होंने यह स्पष्ट संदेश दिया कि देशवासी हर परिस्थिति में अपने वीर जवानों और अपनी मातृभूमि की रक्षा के लिए दृढ़ संकल्पित हैं।