
जमानिया। ब्लॉक में रविवार को यूपी पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ की ब्लॉक इकाई के नए पदाधिकारियों का चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। चुनाव अधिकारियों भोला शंकर, अनिल कुमार और लालजी कुशवाहा की देखरेख में यह प्रक्रिया पूरी हुई।
चुनाव को लेकर सफाई कर्मियों में भारी उत्साह देखने को मिला। कुल 198 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। चुनाव अधिकारी ने बताया कि अध्यक्ष पद पर जितेंद्र ने 141 मतों के साथ विजय प्राप्त की, जबकि कृष्णमुरारी को 49 मत, राम अवतार को 4 मत मिले और 4 मतों को निरस्त कर दिया गया। महामंत्री पद पर राजेश कुमार को 112 मत, रीता देवी को 79 मत मिले और 7 मत निरस्त हुए। कोषाध्यक्ष पद के लिए बृजराज को 103 मत और रामचंद को 86 मत प्राप्त हुए, जबकि 9 मत निरस्त किए गए। लेखाकार पद पर अजय कुमार सिंह और संगठन मंत्री पद पर सुभाष यादव को निर्विरोध चुना गया। नवनिर्वाचित अध्यक्ष जितेंद्र ने पदभार ग्रहण करते हुए कहा कि वह संगठन की एकता और सफाई कर्मियों के हितों के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करेंगे। उन्होंने सभी सदस्यों का विश्वास जताने के लिए आभार व्यक्त किया और संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।