
गाजीपुर। भदौरा ब्लाक के पचौरी गांव के निवासी अशोक (45) को बीते दिवस सांप ने काट दिया था, जिसकी जानकारी स्थानीय ग्रामीणों और उनके परिजनों के द्वारा 108 एंबुलेंस को दी गई। जानकारी मिलते ही 108 एंबुलेंस 15 मिनट के अंदर घटनास्थल पर पहुंची। मरीज को बचाते हुए जिला अस्पताल भर्ती कराया जहां पर इलाज के पश्चात उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
108 एंबुलेंस के प्रोग्राम मैनेजर संदीप चौबे ने बताया कि शासन के दिशा-निर्देश 108 एंबुलेंस समय से लोगों के फोन करने के बाद शीघ्र प्रतिक्रिया मिल रही है। इस घटना के क्रम में सूचना 108 कंट्रोल रूम से पायलट शशिकांत को मिली तो उसने तुरंत ही सहायक मोहित अली को लेकर बताए गए लोकेशन पर पहुंचा। जहां पर अशोक को सांप ने काटा हुआ था और हालत गंभीर बताई जा रही थी। लेकिन एम्बुलेंसकर्मियों की तत्परता से तत्काल जिला अस्पताल के लिए रवाना किया गया । इमरजेंसी में तैनात डॉक्टर के द्वारा अशोक का इलाज शुरू किया गया। इसके कुछ देर बाद अशोक की हालत स्थिर हुई।
उन्होंने बताया कि मौजूदा समय में जनपद में 108 एंबुलेंस की संख्या 37 और 102 एंबुलेंस की संख्या 42 है। 108 एंबुलेंस आपातकालीन सेवा और 102 एंबुलेंस बच्चों व महिलाओं के लिए आरक्षित है। जनपद में पिछले एक माह में 108 एंबुलेंस के द्वारा 3800 और 102 एंबुलेंस के द्वारा 8800 मरीजों को सेवा दी गयी।
मरीज के साथ आए उनके परिजन संजय ने बताया की उनके फ़ोन करने के 15 मिनट के अंदर एम्बुलेंस आ गई। और बहुत कम समय मे उन्हें जिला अस्पताल पहुचाया। जिसके बाद उनके मरीज का ईलाज शुरू हुआ और उनकी जान बच गई।