
जमानिया। स्थानीय कस्बा स्थित ब्लॉक के पास सोमवार की भोर लगभग 3:30 बजे विद्युत विभाग की कथित लापरवाही और घटिया केबल में हुए शॉर्ट सर्किट के कारण भीषण आग लग गई। तारों से निकली चिंगारी सीधे नीचे स्थित गुमटियों और दुकानों पर गिरी, जिससे देखते ही देखते लपटों ने विकराल रूप ले लिया।
पीड़ितों का आरोप है कि घटना के तत्काल बाद पावर हाउस के कर्मचारियों और अधिकारियों को सूचना दी गई, लेकिन घोर लापरवाही बरतते हुए कोई भी मौके पर नहीं पहुंचा। उधर सूचना पर पहुंची दमकल की गाड़ी महज 10 मिनट पानी फेंकने के बाद खाली हो गई और दमकल कर्मी पानी की तलाश में भटकने लगे। करीब डेढ़ घंटे बाद नगर पालिका की मदद से पानी उपलब्ध कराया गया, तब जाकर स्थानीय नागरिकों और दमकल कर्मियों के संयुक्त प्रयास से आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। स्थानीय लोगों का कहना है कि दमकल वाहनों को हमेशा पानी से भरा रखना चाहिए ताकि आपदा के समय समय रहते राहत मिल सके।
जब तक आग शांत हुई, तब तक सात दुकानें और उनमें रखा सारा सामान जलकर राख हो चुका था। आगलगी में दुकानदारों को लगभग 14 लाख रुपये की भारी आर्थिक क्षति पहुंची है। नुकसान उठाने वालों में शादी डेकोरेशन का सामान व कपड़ा जलने से रामानुज जायसवाल का 3.50 लाख रुपये, फल विक्रेता फिरोज राईनी का 2.60 लाख रुपये, 130 पेटी अंडा व इन्वर्टर जलने से नसीम राईनी का 2.50 लाख रुपये तथा फल, नारियल, ड्रम व तराजू जलने से हफीजुर्रहमान का 2.30 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। इसके अलावा सैलून का इंटीरियर व सामान जलने से मो. इजहार का एक लाख रुपये, फल-सब्जी विक्रेता नईम का एक लाख रुपये और फल की पेटियां जलने से जाफर अली का लगभग 85 हजार रुपये का नुकसान हुआ है।
घटना की जानकारी मिलते ही विधायक ओम प्रकाश सिंह के पुत्र रीतेश सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का मुआयना कर पीड़ितों से पूरी जानकारी ली और उन्हें ढांढस बंधाते हुए आर्थिक मदद की। रीतेश सिंह ने पीड़ितों को भरोसा दिलाया कि वे उनके हक की लड़ाई में हमेशा साथ खड़े हैं। जिसके बाद वे घटना स्थल से एक्सईएन कार्यालय पहुंचे और एक्सईएन से वर्ता की। इसके साथ ही उन्होंने बिजली क्षतिपूर्ति विभाग गाजीपुर के एक्सईएन विकास शुक्ला से फोन पर वार्ता कर तत्काल निष्पक्ष जांच कराने और प्रभावित गरीब दुकानदारों को अधिक से अधिक मुआवजा व राहत दिलाने की मांग की। एक्सईएन ने पीड़ितों की समस्या सुनने और राहत प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए मिलने का समय दिया है।
मामले की सूचना पुलिस और तहसील प्रशासन को भी दी गई, जिस पर पुलिस और राजस्व कर्मियों ने मौका मुआयना किया। पीड़ित दुकानदारों ने विद्युत वितरण खंड कार्यालय में संयुक्त प्रार्थना पत्र सौंपकर मुआवजे की गुहार लगाई है। तहसीलदार जितेंद्र कुमार ने बताया कि हल्का लेखपाल की रिपोर्ट के आधार पर आगे की आवश्यक विधिक और प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।







