
रेवतीपुर। ब्लॉक क्षेत्र के छह न्याय पंचायतों में रविवार को विकसित कृषि संकल्प अभियान का भव्य शुभारंभ किया गया। मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने फीता काटकर इस अभियान की शुरुआत की। इस अवसर पर उन्होंने किसानों से सीधा संवाद करते हुए वैज्ञानिक पद्धति से खेती करने का आह्वान किया।
श्री राय ने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार किसानों के हितों के लिए लगातार योजनाएं चला रही हैं। यह महत्वाकांक्षी अभियान किसानों को नई दिशा देगा। उन्होंने बताया कि सरकार ने पहली बार कृषि वैज्ञानिकों को सीधे गांवों में भेजने की पहल की है, ताकि वे किसानों को उन्नत बीज, वैज्ञानिक खेती, सिंचाई के आधुनिक तरीकों और जैविक खेती के बारे में जागरूक कर सकें। उन्होंने यह भी बताया कि यह अभियान 12 जून तक चलेगा और इसका उद्देश्य किसानों को आत्मनिर्भर बनाते हुए विकसित भारत की संकल्पना को मजबूत करना है।कार्यक्रम में मौजूद कृषि विज्ञान केंद्र पीजी कॉलेज के वैज्ञानिक डॉ. ओंमकार सिंह ने कहा कि यह अभियान किसानों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगा। उन्होंने किसानों को सलाह दी कि खेती शुरू करने से पहले मिट्टी की जांच अवश्य कराएं। उन्होंने कहा कि “लैब टू लैंड” जैसी योजनाओं के तहत वैज्ञानिक शोधों को सीधे खेतों तक पहुंचाया जा रहा है, जिससे उत्पादन बढ़ेगा और किसानों की आय में वृद्धि होगी। उन्होंने यह भी कहा कि वैज्ञानिकों और किसानों के बीच सीधा संवाद कृषि क्षेत्र में एक नए युग की शुरुआत है। यह अभियान गांवों को विकसित बनाने के साथ-साथ भारत को वैश्विक कृषि नेतृत्व दिलाने की दिशा में भी सहायक सिद्ध होगा।
कार्यक्रम में मौजूद प्रमुख व्यक्ति:
कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक नरेंद्र प्रताप, पूर्व प्रमुख मुकेश राय, अनिल शर्मा, ज्ञानेंद्र राय (छोटू), संजय राय, संजय सिंह, रमेंद्र राय, एडीओ एजी सोहन कुमार पटेल, अभिमत पांडेय, मनोज यादव, रविशंकर उपाध्याय, धीरज कुमार राय, हरिशंकर, जामवंत, रितेश, अंकित समेत बड़ी संख्या में किसान, ग्रामीण और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का मूल उद्देश्य – किसानों को वैज्ञानिक कृषि तकनीकों से जोड़ना, उनकी आय बढ़ाना और गांवों को विकसित भारत की परिकल्पना के अनुरूप आगे बढ़ाना है।