
जमानिया रेलवे स्टेशन के पास श्रमजीवी एक्सप्रेस की चपेट में आने से बीए की छात्रा की दर्दनाक मौत।
जमानिया। दीनदयाल उपाध्याय-दानापुर रेल खंड अंतर्गत जमानिया के समीप अप लाइन पर श्रमजीवी एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से एक छात्रा की दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (RPF) एवं स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू की।
घटनास्थल पर मिले बैग की तलाशी के दौरान मोबाइल फोन और कॉलेज का परिचय पत्र (आईडी कार्ड) बरामद हुआ। आईडी कार्ड के आधार पर मृतका की पहचान नेहा कुमारी पाल, पुत्री हरिवंश पाल के रूप में हुई है। वह हिन्दू स्नातकोत्तर महाविद्यालय, जमानिया में बीए तृतीय सेमेस्टर की छात्रा थी।
आरपीएफ ने बैग में मिले मोबाइल और दस्तावेजों के जरिए तत्काल छात्रा के परिजनों से संपर्क कर घटना की जानकारी दी। बेटी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल पुलिस ने शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुटी है।




