जमानिया। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर स्टेशन बाजार स्थित अमर शहीद इंटर कॉलेज में शुक्रवार को धूमधाम से स्वतंत्रता दिवस समारोह मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ ध्वजारोहण के साथ हुआ। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति और सामाजिक जागरूकता से जुड़ी मनमोहक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। विद्यालय परिसर बच्चों और अभिभावकों से खचाखच भरा रहा। कार्यक्रम में कक्षा 12 की छात्राओं सावित्री और सूफियाना ने राष्ट्रगान प्रस्तुत किया। छात्र-छात्राओं ने नारा, झंडा गीत, सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत कर वातावरण को देशभक्ति से सराबोर कर दिया। झांसी की रानी पर आधारित प्रस्तुति ने दर्शकों में देशप्रेम की भावना जगाई।
वहीं नशा मुक्ति को लेकर बच्चों ने पान, बीड़ी, गुटखा-मसाला, सिगरेट और शराब के दुष्प्रभावों को दर्शाते हुए प्रभावशाली प्रस्तुति दी। बच्चों ने अपनी प्रस्तुति के माध्यम से लोगों को नशे से दूर रहने और स्वस्थ समाज के निर्माण का संदेश दिया। प्रस्तुतियों को देखकर मौजूद लोगों ने तालियों से बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
विद्यालय के प्रबंधक अजीमुल हक अंसारी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि देश के वीर शहीदों के बलिदान को याद करने और उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का दिन है। बच्चों में देशप्रेम के साथ सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना विद्यालय का प्रमुख उद्देश्य है। नशा मुक्ति जैसी सामाजिक बुराइयों के खिलाफ बच्चों की प्रस्तुति समाज को जागरूक करने का प्रभावी माध्यम है।
इस दौरान नफीस अंसारी, अखिलेश सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं और गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम में बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों की जमकर सराहना हुई।