

गाजीपुर। जनपद में आगामी होली पर्व के अवसर पर मिलावटी खाद्य एवं पेय पदार्थों की बिक्री पर प्रभावी रोकथाम के उद्देश्य से अभिसूचना आधारित विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत कुल 11 नमूने संग्रहित किए गए एवं सूजी, आटा (अमृत भोग ब्रांड) और मटर दाल (राजश्री ब्रांड) सहित कुल 1,276 किलोग्राम खाद्य पदार्थों को सीज किया गया, जिसका कुल अनुमानित मूल्य ₹49,017 है।
संचालित अभियान के प्रमुख बिंदु
सभी संग्रहित नमूने खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला, उत्तर प्रदेश को भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत विधिक कार्रवाई की जाएगी।
इस अभियान का नेतृत्व मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुमन कुमार मिश्र एवं वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी गुलाबचंद गुप्ता ने किया। इनके साथ खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. तूलिका शर्मा, राजीव कुमार सिंह, वीरेंद्र यादव, पंकज कुमार कन्नौजिया एवं अरविंद प्रजापति की टीम ने अभियान को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।
जिला प्रशासन ने होली पर्व के मद्देनजर मिलावटखोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की चेतावनी दी है और आम जनता से सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध खाद्य उत्पाद की सूचना खाद्य विभाग को देने की अपील की है।