
गाजीपुर। सावन में कांवड़ यात्रा को लेकर गाजीपुर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन को लेकर कमर कस ली है। रविवार देर शाम पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने विभिन्न घाटों के साथ कांवड़ यात्रा के प्रमुख मार्गों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
एसपी ने ददरी घाट से मिश्र बाजार, रौजा, जमानियां मोड़, जंगीपुर मार्केट होते हुए हाईवे तक कांवड़ यात्रा के मुख्य रूट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात संचालन और श्रद्धालुओं की आवाजाही को लेकर संबंधित पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जाए। यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के साथ ही श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाए। पुलिस की सक्रियता के बीच कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने की तैयारी तेज कर दी गई है।







