
जमानिया। कोतवाली क्षेत्र के हेतिमपुर गांव के पास शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, रात करीब 9:30 बजे राष्ट्रीय राजमार्ग-24 पर एक निजी महिला महाविद्यालय के समीप तेज रफ्तार मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर फिसल गई। इस हादसे में बाइक सवार युवक सड़क किनारे गिरकर गंभीर रूप से चोटिल हो गया। हादसे के तुरंत बाद, वहां से गुजर रहे राहगीरों ने स्थानीय पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। घायल युवक की पहचान 23 वर्षीय संतोष बिंद पुत्र स्व. रामआसरे बिंद, निवासी कसेरा पोखरा, जमानिया के रूप में हुई है। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ. गुलाब शंकर पटेल ने बताया कि संतोष के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद, उसे बेहतर इलाज के लिए गाजीपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।



