
गाजीपुर। अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नोनहरा पुलिस ने चेकिंग के दौरान दो आरोपियों को 2.970 किलो अवैध गांजा और तमंचे-कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है।
थानाध्यक्ष विवेक कुमार तिवारी पुलिस टीम के साथ 8 अगस्त को कासिमाबाद-अटवा मोड़ रोड स्थित ग्राम चकफरीद के पास चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने अकबर रायनी निवासी डाही उर्फ डहिया, थाना कासिमाबाद और हरिओम जायसवाल निवासी चक जैनब, थाना बरेसर को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से दो बंडलों में कुल 2.970 किलो गांजा, .315 बोर का एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस और स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद हुई। मामले में थाना नोनहरा में मुकदमा अपराध संख्या 262/26 के तहत धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट और 3/25 आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक अकबर रायनी के खिलाफ पूर्व में सात मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें एनडीपीएस, आर्म्स एक्ट, हत्या के प्रयास, एससी/एसटी एक्ट समेत विभिन्न धाराएं शामिल हैं। वहीं हरिओम जायसवाल के खिलाफ भी छह मुकदमे दर्ज बताए गए हैं, जिनमें एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट के मामले शामिल हैं।
गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष विवेक कुमार तिवारी, उपनिरीक्षक अविनाश मणि तिवारी समेत नोनहरा पुलिसकर्मी शामिल रहे।




